फखरपुर (बहराइच)। बुबकापुर देवचक गांव में एक महिला सोमवार सुबह खाना बना रही थी। खाना बनाते समय निकली चिंगारी फूस के छप्पर पर गिर गई जिससे आग लग गई। आग की चपेट में आकर पड़ोसी का मकान भी जल गया। ग्रामीणों ने पंपिंग सेट चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में नकदी समेत अन्य सामान राख हो गया।
फखरपुर विकास खंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बुबकापुर के मजरा देवचक निवासी बालकराम के घर की महिला सोमवार सुबह खाना बना रही थी। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी छप्पर पर जा गिरी। देखते ही देखते फूस के मकान में आग लग गई। परिवार के लोगों ने भागकर जान बचाई। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन तेज लपटों ने पड़ोसी सिद्धनाथ के मकान को भी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दोनों मकान जलकर राख हो गए।
पीड़ितों के मुताबिक नकदी, कपड़ा, बर्तन व जेवरात समेत सबकुछ जल गया। लगभग डेढ़ लाख के सामान का नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना ग्राम प्रधान ने तहसील प्रशासन को दी है। पीड़ित परिवार के लोग आसमान तले रहने को मजबूर हैं।