मिहींपुरवा/नानपारा। गोकुलपुर गांव में शनिवार को एक महिला के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद सरयू में स्नान करने उतरे चार दोस्तों में से दो की डूबकर मौत हो गई, जबकि एक युवक ने जान जोखिम में डालकर अपने साथी को बचा लिया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शव निकाल लिए।
नानपारा के गोकुलपुर-चंदनपुर गांव की एक महिला का निधन हो गया था। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार नरायनपुर स्थित तकियाघाट पर किया गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव निवासी सत्येंद्र वर्मा (30), अतुल वर्मा (29), अमित उर्फ विवेक वर्मा (27) और आनंद वर्मा भी घाट पहुंचे थे।
अंतिम संस्कार के बाद चारों युवक सरयू में स्नान करने लगे। अचानक अतुल और अमित गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में आनंद भी तेज धारा में फंस गए। चारों में से केवल सत्येंद्र को तैरना आता है। साथियों को संकट में देखकर उन्होंने तत्काल नदी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद आनंद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद वह दोबारा अपने दोनों दोस्तों को बचाने के लिए नदी में उतरे, लेकिन तब तक वे लापता हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और गोताखोरों की भीड़ घाट पर जुट गई। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल सीएचसी मोतीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अतुल और अमित को मृत घोषित कर दिया।
दो साथियों को बचाने के प्रयास में थककर अचेत हुए सत्येंद्र की भी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही गोकुलपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस गांव में सुबह एक महिला के निधन का मातम था, वहां शाम होते-होते दो और युवकों की मौत से गांव के लोग गमगीन हो गए हैं। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।