सरयू नदी में स्नान करने गए चार युवकों में से दो की डूबकर मौत हो गई, जबकि एक युवक ने साहस दिखाते हुए अपने एक साथी की जान बचा ली। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली नानपारा क्षेत्र के ग्राम गोकुलपुर निवासी सत्येंद्र कुमार वर्मा (30), अतुल कुमार वर्मा (27), विवेक कुमार वर्मा और आनंद कुमार वर्मा शनिवार को नरायनपुर घाट स्थित तपसी बाबा मंदिर के पास सरयू नदी में नहाने गए थे।
स्नान के दौरान अतुल और विवेक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में आनंद भी पानी में फंस गया। सत्येंद्र ने बताया कि चारों साथियों में केवल वही तैरना जानता था। साथियों को संकट में देखकर उसने तुरंत नदी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद आनंद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद वह अतुल और विवेक को बचाने के लिए दोबारा गहरे पानी में उतरा। इस बीच ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और खोजबीन शुरू की। करीब एक घंटे की तलाश के बाद अतुल और विवेक को नदी से बाहर निकाला गया। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बचाव के दौरान थककर अचेत हुए सत्येंद्र का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही गोकुलपुर गांव में मातम छा गया। एक गांव के दो युवकों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में शोक का माहौल है। सरयू नदी के नरायनपुर घाट पर शनिवार को स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चार युवकों में दो गहरे पानी में समा गए। काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना से गोकुलपुर गांव में मातम पसरा है।