बहराइच। घर में आयोजित मांगलिक कार्य के लिए दोना-पत्तल लाने जा रहे बाइक सवार दोस्तों को उदुवापुर चौराहे के पास शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। जब तक घायलों को अस्पताल ले जाने का इंतजाम होता, दोनों ने दम तोड़ दिया। हरदी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरी दुर्घटना में एक और युवक की मौत हुई है।
उदुवापुर गांव निवासी राहुल (19) के घर शुक्रवार को बरही कार्यक्रम आयोजित था। देर शाम भोजन के दौरान दोना-पत्तल कम पड़ने पर राहुल अपने गांव के ही दोस्त शुभम (11) को बाइक पर बैठाकर बाजार से सामान लाने निकला था। रात में घना कोहरा था, दोनों जैसे ही उदुवापुर चौराहे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक भाग निकला। आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों के परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
उधर इसी थाना के विशुनापुर बिलौरा निवासी अखिलेश (17) शुक्रवार शाम को गांव के निकट साइकिल लेकर खड़े थे, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। लहूलुहान अखिलेश को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज भेजा गया, यहां इलाज के दौरान हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही अखिलेश की मौत हो गई।
थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में तीन की मौत हुई है। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश जारी है।