बिछिया/राजीचौराहा। तराई में ठंड अब जानलेवा हो गई है। पारा दो दिन से लुढ़कता जा रहा है। ठंड की चपेट में आकर हरदी और सुजौली थाना क्षेत्र में दो ग्रामीणों की मौत हो गई।
हरदी में अधेड़ की हालत बाजार से लौटने के बाद बिगड़ गई और निजी डॉक्टर के यहां इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। वहीं, सुजौली में दम तोड़ने वाला व्यक्ति प्राथमिक विद्यालय में रात गुजारता था। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पंचनामा के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
बहराइच का न्यूनतम पारा लुढ़ककर 9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। ठंड के चलते गरीब तबके के लोगों की जिंदगी दुश्वार हो गई है। हरदी थाना क्षेत्र अंतर्गत चौहानन पुरवा निवासी समयदीन (50) पुत्र गोमती प्रसाद सोमवार शाम सब्जी लेने हरदी बाजार गया था।
रात आठ बजे के आसपास वह घर पहुंचा तो तेज कंपकंपी के साथ सीने में दर्द उठा। बेहोशी छाने लगी। इस पर परिवारीजन तत्काल उसे निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। लेकिन, उपचार शुरू होते ही समयदीन ने दम तोड़ दिया। निजी चिकित्सक के मुताबिक ठंड लगने से समयदीन की हालत बिगड़ी थी।
रात में ही घटना की सूचना तहसील मुख्यालय को दी गई। सुबह राजस्व लेखपाल एके मिश्रा ने गांव पहुंचकर परिवारीजनों से पूछताछ कर ब्यौरा दर्ज कर किया। ग्राम प्रधान सुंदरलाल बाजपेई ने बताया कि पंचनामा के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है। ठंड लगने से समयदीन की मौत हुई है।
उधर, सुजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय कारीकोट प्रथम के अतिरिक्त कक्ष में मंगलवार सुबह जब छात्र पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर सभी सहम गए। कक्ष में एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा था। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। बच्चों के शोर मचाने पर गांव के लोग भी दौड़े।
ग्रामीणों के मुताबिक वह व्यक्ति साल भर से क्षेत्र में मोची का काम करता था। प्राथमिक विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष में वह रात गुजारता था। वन क्षेत्र होने के चलते इस समय इलाके में ठंड अन्य स्थानों की अपेक्षा काफी अधिक बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि वह सिर्फ एक चादर के सहारे सोता था। ऐसे में ठंड से उसकी भी मौत होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक वह कहां का निवासी था, यह पता नहीं चल सका है न ही उसने कभी किसी को अपने बारे में बताया। ग्राम प्रधान हुकुम सिंह व विद्यालय के संकुल प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि एसडीएम को सूचना देने के बाद सुजौली पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
पोस्टमार्टम कराने पर ही मिलेगी सहायता : एडीएम
ठंड से मौत के मामले में पोस्टमार्टम कराना अनिवार्य है। दो मौतें हुई हैं। लेकिन यह ठंड से हैं या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद हो सकेगी। हरदी में परिवारीजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए लाश का अंतिम संस्कार कर दिया है। राजस्व लेखपाल को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
- विद्याशंकर सिंह, अपर जिलाधिकारी