जरवलरोड/कैसरगंज। सड़क हादसों में शुक्रवार को दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों ही हादसों के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकले। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
लखनऊ–बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर झुकिया मोड़ के निकट शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार 65 वर्षीय वृद्ध को जोरदार ठोकर मार दी। दुर्घटना में घायल वृद्ध को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चौकी इंचार्ज घाघरा घाट दिनेश कुशवाहा ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। कार चालक मौके से भाग निकला। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग के आधार पर कार की तलाश की जा रही है। फोटो व वीडियोग्राफी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
उधर, कैसरगंज क्षेत्र के चक पिहानी चौराहे के पास एक बाइक पर सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बुलाकीपुरवा निवासी श्रीपाल (20) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी प्रेमलाल, निवासी फुसहा टेड़वा भग्गड़वा, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने श्रीपाल का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।