बहराइच। मेडिकल कालेज के चिल्ड्रेन वार्ड में बुधवार को डायरिया व बुखार से पीड़ित दो बच्चों की मौत हो गई। जबकि विभिन्न बीमारियों से ग्रसित 20 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तराई में पड़ रही भीषण गर्मी मासूम रोगियों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है। मेडिकल कालेज के चिल्ड्रेन वार्ड में बदल रहे मौसम के कारण मासूम रोगियों की संख्या में इजाफा हुआ है। कोतवाली देहात अंतर्गत कमोलिया गांव निवासी शिवांग (10) पुत्र सोनू को उल्टी, दस्त व बुखार की शिकायत पर मेडिकल कालेज में भर्ती किया गया था।
चिकित्सकों की देखरेख में शिवांग का इलाज चल रहा था। बुधवार दोपहर बाद इलाज के दौरान शिवांग ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के मुताबिक वह डायरिया की चपेट में था। श्रावस्ती जिले के इकौना थाना अंतर्गत बंगाही गांव निवासी संगीता (3) पुत्री अरविंद यादव ने भी देर शाम को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
वह बुखार से पीड़ित थी। परिवारीजन रोते-बिलखते शव लेकर घर चले गए हैं। उधर बुखार व अन्य बीमारियों से पीड़ित 20 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें पांच रोगियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें चिल्ड्रेन वार्ड के पीआईसीयू में भर्ती किया गया है।