मिहींपुरवा के गोपियां गांव के टेपरा मजरा में दिखा मगरमच्छ।
मिहींपुरवा। गोपियां गांव के टेपरा मजरे में आबादी के बीच स्थित तालाब में बृहस्पतिवार दोपहर दो मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। दोनों मगरमच्छ तालाब के किनारे धूप सेंकते नजर आए। उनकी तस्वीर सामने आने के बाद गांव में भय का माहौल है।
ग्रामीणों के मुताबिक, तालाब लक्ष्मीराम राजपूत के घर के पास स्थित है। यहां रोजाना बच्चे खेलने आते हैं। महिलाएं भी घरेलू कामकाज के सिलसिले में आसपास से गुजरती हैं। मवेशी पानी पीने के लिए तालाब तक पहुंचते हैं। ऐसे में मगरमच्छों की मौजूदगी से किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। डर के चलते लोग अब तालाब की ओर जाने से भी बच रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सूचना वन विभाग को दी जा चुकी है। उन्होंने वन विभाग से दोनों मगरमच्छों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर किसी उपयुक्त स्थान पर छोड़ने की मांग की है। प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी केके सिंह ने बताया कि मगरमच्छों की मौजूदगी की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। जल्द ही मगरमच्छों को पकड़कर नदी में छोड़ा जाएगा।