बौंडी/नानपारा। चोरी और नकबजनी के आरोपियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में मंगलवार तड़के बहराइच पुलिस की दो जगह मुठभेड़ हुई। बौंडी में जाबिर उर्फ जाकिर और नानपारा में उसके साथी नसीम उर्फ ठेकेदार के पैर में गोली लगी। दोनों लखीमपुर खीरी के ईसानगर इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार, सोमवार को स्वाट टीम और खैरीघाट पुलिस ने नानपारा-खैरीघाट मार्ग पर वैवाही रोड के पास चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान दूसरी गाड़ी में सवार दो आरोपी भाग गए थे। उनकी तलाश में बौंडी पुलिस खैरा बाजार क्षेत्र में मंगलवार रात को गश्त कर रही थी।
देर रात पुलिस को सूचना मिली कि भागे आरोपी सेंट्रो कार से पक्की बिलासपुर मोड़ तिराहे की ओर आने वाले हैं। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार रोकने की कोशिश की। कार के रुकते ही उसमें सवार जाबिर ने फायरिंग कर अंधेरे में खेत और झाड़ियों की ओर भागने का प्रयास किया।
जवाबी कार्रवाई में जाबिर के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया, जबकि कार चला रहा उसका साथी मौके से भाग निकला। जाबिर के पास से 6,500 रुपये नकद, चांदी व सोने के आभूषण, तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद हुआ।
पूछताछ में जाबिर ने भागे साथी की पहचान नसीम उर्फ ठेकेदार निवासी चंद्रशाह कला, ईसानगर, लखीमपुर खीरी के रूप में बताई। कार के नंबर के आधार पर पुलिस ने दूसरे थानों को अलर्ट किया। इस पर मंगलवार तड़के नानपारा पुलिस ने बंजरिया नहर पुल के पास संदिग्ध सेंट्रो कार को घेरा।
पुलिस के मुताबिक, घिरने पर नसीम ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके भी पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से तमंचा, कारतूस, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने एएसपी नगर आयुष विक्रम सिंह और एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी के साथ घटनास्थलों का निरीक्षण किया। एसपी ने कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास एक नजर में
मुठभेड़ में पकड़े गए जाबिर उर्फ जाकिर के खिलाफ बहराइच में 16, बस्ती जिले में 01, लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर समेत अन्य थानों में 29, बलरामपुर जिले में एक व गोंडा में दो प्राथमिकी दर्ज हैं। जबिर के खिलाफ कुल 49 मामले पांचो जनपदों में हैं। इनमें चोरी, नकबजनी, चोरी का माल रखने, गिरोहबंद अधिनियम और शस्त्र अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं जाबिर के सहयोगी नसीम उर्फ ठेकेदार के खिलाफ लखीमपुर खीरी में पांच, बहराइच के विभिन्न थानों में 15 और गोंडा जिले के मनकापुर थाने में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी नसीम कुल 22 आपराधिक मामलों का आरोपी है।