बहराइच/रिसिया। गुजरातीपुरवा निवासी कोरोना संक्रमित युवक का पिता भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। जबकि रिसिया में तैनात बाराबंकी जिला निवासी मुख्य सेविका भी लखनऊ की जांच रिपोर्ट मेें पॉजिटिव निकली है। मुख्य सेविका ने 25 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ बैठक की। साथ ही विकास भवन का भी दौरा किया। मुख्य सेविका के संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दी है।
नानपारा तहसील अंतर्गत गुजरातीपुरवा गांव निवासी एक युवक कोरोना संक्रमित निकला था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित युवक के परिवारीजनों का सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा। सीएमओ डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि राम मनोहर लोहिया संस्थान से भेजी रिपोर्ट में संक्रमित युवक का पिता भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने कोरोना संक्रमित को चित्तौरा के कोविड लेवल-1 अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
वहीं रिसिया ब्लॉक में तैनात मुख्य सेविका भी कोरोना पॉजिटिव निकली है। सीएमओ ने बताया कि मुख्य सेविका बाराबंकी जिले की निवासी है। लखनऊ जांच में रिपोर्ट में वह पॉजिटिव मिली है। इसकी सूचना बाराबंकी स्वास्थ्य विभाग को भेज दी गई है। उधर, रिसिया में तैनात मुख्य सेविका सोमवार को क्षेत्र की 25 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ कार्यालय पहुंची।
अधिकारियों के साथ बैठक की। साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी से भी वार्ता की। इसको लेकर साथ आने वाली कार्यकत्रियों में भी दहशत है। सीएमओ ने बताया कि मुख्य सेविका के संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग कराई जा रही है। सभी लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।