बहराइच। हरदी के पांडेयपुरवा निवासी दो अभियुक्तों को प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की कोर्ट ने मंगलवार को मारपीट व हत्या के मामले में दोषी करार देते हुए सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोनों पर एक-एक लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड अदा न करने पर छह-छह माह अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी।
नीरज यादव ने 24 अप्रैल 2013 को थाने में एक शिकायती पत्र दिया था। इसमें आरोप लगाया था कि पांडेयपुरवा बंभौरा गांव निवासी सिद्धनाथ व दीनानाथ मिश्र माता-पिता से मारपीट कर रहे थे। दोनों के हाथों में चाकू था। देखते ही बदमाशों ने उनके माता-पिता पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया। नीरज ने बताया कि जब वह माता-पिता को बचाने के लिए दौड़ा, तो बदमाशों ने हमला करने की नियत से उसे दौड़ा लिया। इसके बाद दोनों बदमाश धमकी देते हुए बाइक से भाग निकले। घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि माता गंभीर रूप से घायल हो गईं। नीरज ने बताया कि बदमाश पिता की हत्या कर उनके 24 हजार रुपये भी लेकर भाग गए। इस शिकायत पर पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोप पत्र कोर्ट में पेश किया था। मंगलवार को प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पवन कुमार शर्मा द्वितीय की कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई शुरू हुई। इस दौरान दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद साक्ष्यों व गवाहों के आधार पर न्यायाधीश ने दोनों अभियुक्तों को घटना में दोषी मानते हुए सश्रम आजीवन कारावास के साथ अर्थदंड की सजा सुनाई है।