निमोनिया व बुखार से पीड़ित दो मासूमों की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। वहीं, विभिन्न संक्रामक रोगों से पीड़ित और 19 मरीज भर्ती हुए हैं। इनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
तराई में बदल रहा मौसम निमोनिया व अन्य संक्रामक रोगों के रूप में लोगों को बीमार कर रहा है। दरगाह निवासी मेराज के डेढ़ वर्षीय पुत्र अब्दुल रहीम को दो दिन पूर्व बुखार व सांस की तकलीफ हुई। परिवारीजनों ने स्थानीय चिकित्सकों को दिखाया, लेकिन लाभ न होने पर उसे सोमवार को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां पर इलाज के दौरान मंगलवार सुबह अब्दुल रहीम ने दम तोड़ दिया।
उधर, नूर आलम भट्ठा गांव निवासी संजीत (7) को भी निमोनिया की शिकायत थी। इलाज के दौरान उसने भी जिला अस्पताल में अंतिम सांस ली। उधर, अन्य संक्रामक रोगों से पीड़ित और 19 मरीज भर्ती हुए हैं। यह सभी डायरिया, बुखार की चपेट में हैं। इनमें पुष्पा (एक) तथा संगीता (2) की हालत नाजुक बताई जा रही है।