रेलवे यार्ड से केबल चोरी करते हुए गिरफ्तार किए गए आरोपी। - स्रोत : विभाग
बहराइच। नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन के पश्चिमी यार्ड से सिग्नल जंपर कॉपर वायर चोरी करते दो युवकों को रविवार को आरपीएफ ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
आरपीएफ चौकी नानपारा के उप निरीक्षक धनवंत यादव टीम के साथ रविवार को नेपालगंज रोड स्टेशन क्षेत्र में रेल संपत्ति सुरक्षा एवं अपराध निरोधक निगरानी में तैनात थे। उसी दौरान कांस्टेबल सुनील यादव ने दो संदिग्ध व्यक्तियों के पश्चिमी यार्ड से स्टेशन की ओर आने की बात बताई।
टीम ने यार्ड के निकट घेराबंदी कर रुपईडीहा निवासी विनोद कश्यप तथा विजय तिवारी को रोका, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और मजदूरी न मिलने के कारण केबल काटकर नेपाल में बेचने जा रहे थे।
दोनों के कब्जे से छह कोर सिग्नल जंपर कॉपर वायर बरामद हुआ। 54.02 फुट तार की अनुमानित कीमत करीब 2150 रुपये आंकी गई। मामले में आरपीएफ चौकी नानपारा में एफआईआर दर्ज कर जांच उप निरीक्षक प्रीति यादव को सौंपी गई है।