बहराइच। सेनानी भवन सभागार में सनातन धर्म परिषद के तत्वावधान में तुलसी जन्म महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान जिले के कवियों ने रचनाएं प्रस्तुत कर आदि कवि तुलसीदास की जीवनी पर प्रकाश डाला।
शहर के सेनानी भवन सभागार में सनातन धर्म परिषद के तत्वावधान में तुलसी जन्म महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. स्वामी भगवताचार्य महाराज व केडीसी के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम पांडेय रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ कवि मुकुंद शुक्ल शेरा ने अपनी रचना मानस की उज्ज्वल किरणें जो आज हमें निज धर्म पर चलना... प्रस्तुत कर किया। संचालन कर रहे कवि लक्ष्मीकांत त्रिपाठी मृदुल ने पढ़ा, लाल हुलसी धराहित सुमन बन गया, ज्ञान विज्ञान दायक समन बन गया।
कवि प्रदीप पांडेय बहराइची ने पढ़ा, अवधी मन की शान हैं तुलसी, कलयुग के हनुमान हैैं तुलसी। डॉ. राधेश्याम पांडेय ने तुलसी के भरत चरित्र का वर्णन कर सभी को एकजुट रहने पर जोर दिया।
पुत्तीलाल बाजपेई ने कहा कि तुलसीदास की जन्मस्थली पासका राजापुर है। जन्मोत्सव में कवि डॉ. अशोक पांडेय गुलशन, आशुतोष श्रीवास्तव, गुलाबचंद जायसवाल, शिवकुमार सिंह रैकवार, निकुंज मिश्रा, भानुप्रताप द्विवेदी ने भी रचनाएं पढ़ीं। इस मौके पर सुनील कश्यप, मुकेश श्रीवास्तव, कौशलेष त्रिपाठी, देवेश चंद्र मिश्र मंजनू, भोला कुरैशी आदि मौजूद रहे।