जरवल के मदारपुर गांव में खराब पड़ा नलकूप।
- फोटो : BAHRAICH
जरवल (बहराइच)। विकास खंड जरवल के मदारपुर गांव में लगा राजकीय नलकूप दो माह से खराब पड़ा है, जिससे किसानों के खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। इसकी शिकायत किसानों ने अधिकारियों से की, लेकिन अभी तक नलकूप को सही नहीं कराया गया है। नलकूप खराब होने से करीब एक हजार किसानों के खेतों की सिंचाई प्रभावित है। मजबूरी में किसान पंपिंग सेट से खेतों की सिंचाई करने को विवश हैं, जिससे काश्तकारों को तगड़ी चपत लग रही है। पीड़ित किसानों ने एसडीएम और एक्सईएन को पत्र भेजकर जल्द से जल्द नलकूप को दुरुस्त कराने की मांग की है।
जरवल विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत धनसरी के मजरा मदारपुर में राजकीय नलकूप संख्या 18 स्थापित है। इस नलकूप से करीब एक हजार किसानों की फसलों की सिंचाई होती है। लेकिन दो माह से नलकूप तकनीकी खराबी के कारण ठप पड़ा है। नलकूप खराब होने से किसानों के खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है।
किसान पंपिंग सेट से सिंचाई करने को विवश हैं। इससे काश्तकारों को तगड़ी चपत लग रही है। गांव निवासी किसान नंदलाल शर्मा, रामकुमार, बालगोविंद, अमिरका प्रसाद वर्मा, नंदकिशोर, राजेश वर्मा, बुधराम आदि ने बताया कि नलकूप खराब होने की शिकायत नलकूप चालक के साथ अवर अभियंता से की गई, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
जबकि रबी की फसलों की बोआई का समय है, लेकिन अधिकारी किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में किसानों की खेती पिछड़ रही है। वहीं, किसान सिंचाई के लिए भटक रहे हैं। परेशान किसानों ने एसडीएम और एक्सईएन को पत्र भेजकर नलकूप जल्द से जल्द नलकूप को सही कराने की मांग की है।