रुपईडीहा (बहराइच)। नेपाल के कोहलपुर में रविवार को ट्रक की टक्कर से एक छात्रा घायल हो गई। इससे आक्रोशित छात्रों ने मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान गुस्साए छात्रों ने ट्रक को आग लगा दी। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की। छात्रों की ओर से किए गए पथराव में एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गया।
नेपाल की पुलिस ने तनाव को देखते हुए पूरे इलाके में कर्फ्यू लगा दिया है। नेपाल में हुए बवाल को लेकर बहराइच में रुपईडीहा सीमा पर भी अलर्ट घोषित कर दिया गया है। नेपाल में हुए बवाल को देखते हुए रुपईडीहा सीमा से नेपाल में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है, जिससे सीमा पर वाहनों की कतार लग गई है।
नेपालगंज का जिला बांके रुपईडीहा सीमा क्षेत्र से सटा हुआ है। यहां पर भारतीय क्षेत्र से वाहनों का आवागमन होता है। बांके के कोहलपुर स्थित त्रिभुवन माध्यमिक विद्यालय में कक्षा सात में पढ़ने वाली छात्रा प्रकृति चंद्र को घर लौटते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा के घायल होने की सूचना पर छात्रों की भीड़ जुट गई।
आसपास के लोग भी आक्रोशित हो उठे। गुस्साए छात्रों ने मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान भड़के छात्रों ने हादसा करने वाले ट्रक में आग लगा दी। इसके बाद मार्ग से गुजर रहे कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की। बढ़ती भीड़ को देखते हुए नेपाल पुलिस ने रबर बुलेट का प्रयोग किया, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया।
इसके बाद छात्रों ने पथराव शुरू कर दिया। इसमें कोहलपुर के इलाका प्रहरी कार्यालय के अधिकारी हेम बहादुर शाही घायल हो गए। जिलाधिकारी बांके कृष्णकांत उपाध्याय ने बताया कि तनाव को देखते हुए पूरे इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है। उधर, नेपाल में हुए बवाल को लेकर बहराइच में रुपईडीहा सीमा पर भी अलर्ट घोषित कर दिया गया है। एसएसबी की ओर से नेपाल में वाहनों के प्रवेश को रुपईडीहा सीमा पर प्रतिबंधित कर दिया गया है, जिससे सीमा पर वाहनों की कतार लगी हुई है।
एसएसबी भी हुई चौकन्नी
नेपाल में हुई वारदात के बाद एसएसबी भी चौकन्नी हो गई है। एसएसबी ने सीमा पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। नेपाल से आने वाली सूचनाओं को लेकर भी काफी सतर्कता बरती जा रही है। हालांकि सीमा से करीब पंद्रह किलोमीटर अंदर हुई घटना के कारण छोटे वाहनों का आवागमन सुचारु तरीके से किया जा रहा है।
नेपाल में हुई घटना से अलर्ट
नेपालगंज में छात्रा के सड़क हादसे में घायल होने के बाद बवाल हुआ है। बवाल को देखते हुए नेपाल प्रशासन की ओर से कर्फ्यू लगाए जाने की सूचना मिली है। सूचना मिलने के बाद सीमा पर अलर्ट घोषित किया गया है। नेपाल में वाहनों को जलाने के साथ अन्य उग्र तरीकों से प्रदर्शन किया जाता रहता है। सुरक्षा को देखते हुए सीमा पर वाहनों को रोकने की कार्रवाई की गई है। पेट्रोलियम पदार्थों के वाहनों को सतर्कता के साथ प्रवेश दिलाया जा रहा है।
- रवींद्र सिंह, एएसपी ग्रामीण