गोलवाघाट पर सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त एंबुसेंल। -संवाद
गोलवाघाट के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। ट्रक ने मरीज लेकर बहराइच आ रही सरकारी एंबुलेंस में गोलवाघाट के पास शुक्रवार की रात टक्कर मार दी। टक्कर से एंबुलेंस उछलकर दूर गिरी। जिससे उसमें सवार मरीज सहित तीन लोग घायल हो गए।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नयापुरवा निवासी दीपक (12) पुत्र मुन्नालाल शुक्रवार शाम को घर की दीवार गिरने से घायल हो गया था। परिजन उसे सीएचसी मोतीपुर लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। 108 एंबुलेंस से किशोर को जिला अस्पताल लाया जा रहा था। एंबुलेंस लेकर चालक छोटेलाल और ईएमटी कौशल कुमार जिला मुख्यालय के गोलवाघाट के पास पहुंचे, तभी पीछे से ट्रक ने ठोकर मार दी। हादसे में किशोर, उसकी मां शांती देवी और नानी बोटनिहा गांव निवासी मुन्नी देवी घायल हो गईं। सभी को वाहन से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एंबुलेंस सेवा के जिला प्रबंधक सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस केस नहीं किया गया है। वाहन क्षतिग्रस्त हो गया है।