रिसियामोड़ (बहराइच)। बाबागंज से उतरौला बाइक से जा रहे तीन लोगों को आसामरोड पर ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही चाचा-भतीजी की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने महिला को सीएचसी में भर्ती कराया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।
बलरामपुर जिले के उतरौला निवासी नासिर अब्बास की रिश्तेदारी रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बाबागंज में है। नासिर अब्बास (34) अपनी पत्नी दिलकश फातिमा (30) और भतीजी जहरा (11) के साथ बाइक से बाबागंज गए थे। शुक्रवार को सुबह करीब नौ बजे ट्रिपलिंग कर रहे बाइक सवार आसामरोड स्थित रिसियामोड पेट्रोल टंकी के निकट पहुंचे।
तभी लखीमपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे मेें मौके पर ही नासिर अब्बास और भतीजी जहरा की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पीपी पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल दिलकश को सीएचसी में भर्ती कराया।
एसओ ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले नासिर अब्बास के घर उतरौला में सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। एसओ ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया है।