ततेहरा गांव से सैय्यद सालार मसूद गाजी दरगाह शरीफ में हकीका (मुंडन) कराने जा रहे जायरीन से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली साइड ले रहे ट्रक में फंसने से पलट गई। हादसे में एक किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची दो थानों की फोर्स ने जेसीबी लगाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकाला।
फखरपुर थाना के ततेहरा गांव निवासी शाहरुख खान के बेटे शेर खान का हकीका रविवार को होना था। इसके लिए गांव से लगभग 15 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से रविवार दोपहर बहराइच के लिए निकले थे। बहराइच-लखनऊ मार्ग पर मदनकोठी चौराहे के निकट पीछे से आ रहे बालू लदे ट्रक ने साइड लेने का प्रयास किया।
इस दौरान ट्रॉली का कुंडा ट्रक में फंस गया। जिससे दोनों वाहन काफी दूर तक घिसटते चले गए। थोड़ी दूर पर जाकर ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में ततेहरा गांव निवासी हकीक उर्फ दानू (44) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कैसरगंज थाना क्षेत्र के गोड़हिया निवासी शेबू (14) पुत्र सईद की लखनऊ ले जाते समय मरौचा के निकट मौत हो गई।
हादसे में ततेहरा गांव निवासी नूर आलम, ईदू, इरशाम, झुर्रा खान, ननकई, व गोड़हिया निवासी शेर अली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चालक गुड्डन अवस्थी भी घायल हुआ है। हादसे की सूचना मिलने पर सीओ कैसरगंज अजय भदौरिया, कैसरगंज एसओ विनोद यादव व फखरपुर एसओ अनिल यादव मौके पर पहुंच गए।