रिसिया होते हुए मटेरा की ओर जाती मालगाड़ी। -संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी रिसिया (बहराइच)। नानपारा-बहराइच रेलवे रूट पर आमान परिवर्तन के बाद दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत की उम्मीद थी, जो अभी पूरी नहीं हो सकी। इस रूट पर तीन ट्रेनों के संचालन का शेड्यूल जारी होने के बावजूद अगले ही दिन उसे निरस्त कर दिया गया। बुधवार को एक मालगाड़ी का ट्रायल कराकर रूट की जांच की गई।
दैनिक यात्री रामनरेश, दिनेश कुमार, मोहित कुमार और राजीव ने कहा कि जब पटरी पूरी तरह दुरुस्त हो चुकी है और ट्रायल भी हो रहा है, तो अब मालगाड़ी के बजाय सीधे पैसेंजर ट्रेन का संचालन होना चाहिए। रेलवे ने बहराइच-नानपारा के बीच आमान परिवर्तन का काम पूरा कर लिया है।
यात्रियों के मुताबिक प्रतिदिन दो हजार से अधिक लोग इस रूट पर नौकरी, व्यवसाय और अन्य कामों के लिए सफर करते हैं। ट्रेनों का संचालन ठप होने से निजी वाहन या महंगी बस सेवाओं का सहारा लेना पड़ रहा है। क्षेत्रीय नागरिक राम निहोर सिंह ने कहा कि रेल यात्रा सस्ती और सुरक्षित होती है।
विभाग को चाहिए कि अब और देर न करते हुए जल्द से जल्द पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दे। रेलवे के अधिकारियों के अनुसार ट्रायल के बाद रूट की तकनीकी जांच की जा रही है, सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ही ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा।