फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नानपारा-मैलानी के बीच 16 से बंद हो जाएंगी ट्रेनें

विज्ञापन
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के बीच से होकर मैलानी जाती ट्रेन। - फोटो : BAHRAICH
विज्ञापन
बहराइच। अब रेलवे ने नानपारा-मैलानी के बीच ट्रेनों को बंद किए जाने की घोषणा कर दी है। 16 फरवरी से इस रेल खंड पर ट्रेनों का संचालन रेलवे बंद कर देगा। वहीं, गोंडा से बहराइच और नेपालगंज के बीच चलने वाली ट्रेनों का समय भी परिवर्तित किया गया है। कतर्नियाघाट के जंगलों में रहने वाले वन्यजीवों की सुरक्षा को देखते हुए हाईकोर्ट की ओर से जारी आदेश के बाद यह कदम उठाया गया है।
विज्ञापन

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के वन्यजीवों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने रेलवे के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने बीते दिनों सुनवाई करते हुए जंगली क्षेत्र में ट्रेनों का संचालन बंद करने का आदेश दिया था। रेलवे की ओर से लखीमपुर-मैलानी आमान परिवर्तन के बाद ट्रेन बंद किए जाने का हलफनामा दिया गया था। 14 फरवरी से रेलवे की ओर से मैलानी से लखीमपुर के बीच ट्रेन का संचालन शुरू किया जा रहा है, जिसको देखते हुए रेलवे ने नानपारा से मैलानी के बीच चलने वाली ट्रेनों को बंद करने का निर्णय ले लिया है।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि नानपारा-मैलानी के बीच 15 फरवरी तक ट्रेनों का संचालन होगा। 16 फरवरी से ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। ट्रेनों के बंद किए जाने के बाद बहराइच से नेपालगंज के बीच चलने वाली ट्रेनों के समय में भी परिवर्तन किया जा रहा है। रेलवे की ओर से स्थानीय लोगों के विरोध के बाद भी बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए ट्रेनों का संचालन बंद किए जाने का निर्णय ले लिया गया है। ऐसे में स्थानीय लोगों को आवागमन की समस्या से जूझना पड़ेगा।
विज्ञापन

संघर्ष समिति ने दी आंदोलन की चेतावनी
मिहींपुरवा में रेल बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रवण कुमार मदेशिया ने कहा कि आम जनता को ट्रेनों के बंद होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। 20 से 30 रुपये में पूरा होने वाला सफर अब 100 रुपये से अधिक हो जाएगा। इसको देखते हुए जल्द ही आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय सिंह व महामंत्री अतुल चौधरी ने कहा कि जल्द ही रेल मंत्री को पत्र सौंपकर वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की मांग भी की जाएगी।
वैकल्पिक व्यवस्था पर किया जा रहा विचार
उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार ट्रेन का संचालन बंद किया गया है। हाईकोर्ट में वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने का हलफनामा भी दाखिल किया गया था। रेलवे बोर्ड और उच्चाधिकारियों के बीच इस पर विचार चल रहा है। जल्द ही कुछ व्यवस्था की जाएगी।
पंकज सिंह, पीआरओ रेलवे गोरखपुर
यह रहेगा ट्रेनों का समय
मैलानी-नानपारा के मध्य संचालित हो रहीं मीटर गेज की गाड़ियों का संचालन 16 फरवरी से बंद कर दिया जायेगा। बहराइच-नानापारा-नेपालगंज रोड के मध्य मीटर गेज की गाड़ियों के संचालन समय में 16 फरवरी से बदलाव किया जाएगा। 52261 नानपारा-नेपालगंज रोड सवारी गाड़ी नानपारा से सुबह 6.05 बजे प्रस्थान कर तथा बाबागंज से 6.34 बजे छूटकर नेपालगंज रोड 6.50 बजे पहुंचेगी। 52263 बहराइच-नेपालगंज रोड सवारी गाड़ी बहराइच से 8.30 बजे प्रस्थान कर रिसिया से 9.09 बजे, मटेरा से 9.52 बजे, नानपारा से 10.25 बजे तथा बाबागंज से 10.53 बजे छूटकर नेपालगंजरोड 11.15 बजे पहुंचेगी। 52265 बथराइच-नेपालगंज रोड सवारी गाड़ी बहराइच से 11.15 बजे प्रस्थान कर रिसिया से 11.42 बजे, मटेरा से 12.16 बजे, नानपारा से 12.55 बजे तथा बाबागंज से 1.23 बजे छूटकर नेपालगंज रोड 1.50 बजे पहुंचेगी। 52267 बहराइच-नानपारा सवारी गाड़ी बहराइच से 3.30 बजे प्रस्थान कर रिसिया से 3.57 बजे तथा मटेरा से 4.32 बजे छूटकर नानपारा 5.10 बजे पहुंचेगी। 52268 नानपारा-बहराइच सवारी गाड़ी नानपारा से 6.10 बजे प्रस्थान कर मटेरा से 6.37 बजे तथा रिसिया से 7.11 बजे छूटकर बहराइच 7.50 बजे पहुंचेगी। 52264 नेपालगंज रोड-बहराइच सवारी गाड़ी नेपालगंज रोड से 7.20 बजे प्रस्थान कर बाबाबंज से 7.40 बजे, नानपारा से 08.15 बजे, मटेरा से 8.40 बजे तथा रिसिया से 9.14 बजे छूटकर बहराइच 10 बजे पहुंचेगी। 52266 नेपालगंज रोड-बहराइच सवारी गाड़ी नेपालगंज रोड से 12.00 बजे प्रस्थान कर बाबागंज से 12.20 बजे, नानपारा से 1 बजे, मटेरा से 1.25 बजे तथा रिसिया से 1.59 बजे छूटकर बहराइच 2.45 बजे पहुंचेगी। 52262 नेपालगंज रोड-नानपारा सवारी गाड़ी नेपालगंज रोड से 5 बजे प्रस्थान कर तथा बाबागंज से 5.20 बजे छूटकर नानापारा 5.55 बजे पहुंचेगी।
डेमू ट्रेन का समय भी बदला
बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड के मध्य संचालित हो रही मीटर गेज की गाड़ियों को कनेक्शन देने के उद्देश्य से बहराइच-गोंडा के बीच संचालित हो रही 75122 एवं 75124 डेमू गाड़ियों का समय भी बदल दिया गया है। परिवर्तित समयानुसार 75122 बहराइच-गोंडा डेमू गाड़ी बहराइच से सुबह 8.00 बजे प्रस्थान कर चिलवरिया से 08.17 बजे, योगेन्द्रधाम हाल्ट से 8.27 बजे, पयागपुर से 8.39 बजे, विशेश्वरगंज से 8.52 बजे, बनगांई से 9.05 बजे तथा गंगाधाम से 9.18 बजे छूटकर गोंडा 9.50 बजे पहुंचेगी। 75124 बहराइच-गोंडा डेमू गाड़ी बहराइच से दोपहर 3 बजे प्रस्थान कर चिलवरिया से 3.17 बजे, योगेन्द्रधाम हाल्ट से 3.27 बजे, पयागपुर से 3.39 बजे, विशेश्वरगंज से 3.52 बजे, बनगांई से 4.12 बजे तथा गंगाधाम से 4.27 बजे छूटकर गोंडा 4.50 बजे पहुंचेगी।
एजीएम ने किया कतर्निया का दौरा
बिछिया (बहराइच)। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के एजीएम एनएन श्रीवास्तव बुधवार की दोपहर मैलानी से एक विशेष निरीक्षण यान से बिछिया रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां पहुंचने पर उप स्टेशन अधीक्षक वकारुद्दीन अलबी और स्टेशन मास्टर सुधांधु गिरि ने स्वागत किया। एजीएम ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। पेेयजल, शौचालय के साथ ही प्लेटफॉर्म का जायजा लिया गया। इसके बाद उन्होंने कतर्नियाघाट का भी दौरा किया। कतर्नियाघाट के प्राकृतिक सौंदर्य को देखकर एजीएम ने यहां पुन: आने की बात कही। एजीएम ने बताया कि रेलवे की ओर से ट्रेन को बंद करने का निर्णय लिया गया है। वन्यजीवों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। हालांकि यात्रियों को रेल की सुविधा देने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर रेलवे बोर्ड विचार कर रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें