बिछिया। नानपारा-मैलानी रेल प्रखंड पर दो माह से बंद ट्रेनों का संचालन पहली नवंबर से बहाल होने की उम्मीद है। भीरा-पलिया के बीच अतरिया रेलवे फाटक के पास ट्रैक के नीचे पानी का रिसाव होने के कारण रेलवे ने सुरक्षा की दृष्टि से पहली सितंबर से संचालन रोक दिया था।
बारिश के दौरान पानी रिसने से ट्रैक के नीचे की मिट्टी धंसने और पटरी बैठने का खतरा बढ़ गया था। इसके बाद रेलवे की इंजीनियरिंग टीम ने मरम्मत का काम शुरू किया। ट्रैक के नीचे बोल्डर, गिट्टी और मिट्टी भरकर उसे मजबूत किया जा रहा है।
ट्रेनों का संचालन बंद होने से नानपारा, भीरा, पलिया और मैलानी के यात्रियों को परेशानी हो रही है। इसका असर कतर्नियाघाट आने वाले पर्यटकों की आवाजाही पर भी पड़ा है।
स्टेशन अधीक्षक सुधांशु गिरि ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने पर पहली नवंबर से ट्रेनों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, बहाली की आधिकारिक तारीख की पुष्टि अभी नहीं हुई है।