बहराइच। मैलानी-बहराइच रेल प्रखंड पर बुधवार को पैसेंजर ट्रेन का ट्रायल हुआ। ट्रेन देखकर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मगर अभी तक प्रखंड पर ट्रेन चलाने का कोई आदेश नहीं आया है। इससे लोग असमंजस में हैं। रेलवे के अधिकारी भी आदेश नहीं आने की बात कह रहे हैं।
मैलानी-बहराइच प्रखंड पर पूर्व में पैसेंजर ट्रेनों का संचालन किया जा रहा था। मगर वन विभाग की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने जंगल क्षेत्र में ट्रेनों के संचालन पर रोक लगा दी थी। इसके बाद लखीमपुर व बहराइच के यात्रियों की याचिका पर कोर्ट ने पुन: ट्रेनों के संचालन के निर्देश दिए। मगर ट्रेन का संचालन शुरू नहीं हो सका।
इसी दौरान मार्च माह से कोरोना का दौर शुरू हो गया। जिससे पूरे देश में ट्रेनें बंद कर दी गईं। ऐसे में प्रखंड पर ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू नहीं हो सका। बुधवार को मैलानी से चलकर पैसेंजर ट्रेन बहराइच पहुंची। मिहींपुरवा, नानपारा, बिछिया स्टेशन से गुजरी इस ट्रेन में कई डिब्बे लगे थे। इससे आसपास के लोगों में ट्रेन चलने की उम्मीद जगी, लेकिन ये सिर्फ कयास ही है। अभी तक प्रखंड पर ट्रेनों के संचालन का आदेश नहीं आया है। प्रखंड पर मैलानी से बहराइच तक ट्रेन का ट्रायल ही किया गया है।
रेलवे के सहायक मंडल इंजीनियर आरबी सागर ने बताया कि बुधवार को ट्रेन मैलानी से बहराइच स्टेशन ट्रेन पहुंची। मगर ट्रेन चलाने का कोई आदेश नहीं आया है। ट्रेन के कोच लॉकडाउन से ही खड़े हैं। आदेश मिलने पर प्रखंड पर ट्रेनों के संचालन में कोई दिक्कत न हो, इसलिए ट्रायल किया गया है।