बहराइच। गोंडा कचहरी स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य के चलते बहराइच और गोंडा के मध्य सभी ट्रेनें निरस्त कर दी गई हैं। इन ट्रेनों को अब 11 जुलाई से बहाल किया जाएगा। सोमवार को कोई भी ट्रेन गोंडा से नहीं आई। वहीं गोरखपुर और बनारस के मध्य बहराइच से संचालित होने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन आधे मार्ग तक ही होगा।
बहराइच रेलवे स्टेशन के अधीक्षक परशुराम ने बताया कि 05131 गोरखपुर-बहराइच और 05132 बहराइच-गोरखपुर स्पेशल ट्रेनें 22 जून से 10 जुलाई तक सुभागपुर तक ही संचालित होंगी तथा सुभागपुर-बहराइच के बीच उनका संचालन निरस्त रहेगा।
इसके अलावा 14213 वाराणसी-बहराइच और 14214 बहराइच-वाराणसी एक्सप्रेस 22 जून से 10 जुलाई तक अयोध्या तक संचालित होगी। अयोध्या-बहराइच रेलखंड पर ट्रेन का संचालन नहीं होगा। वहीं अप और डाउन में चलने वाली सभी छह डेमू ट्रेनें भी बंद रहेंगी।