नानपारा में ट्रैफिक पुलिस व कार सवार लोगों के बीच हो रही झड़प।
बलहा (बहराइच )। मुर्तिहा कोतवाली के गंगापुर गांव निवासी कार सवार लोगों का आरोप है कि सोमवार को नानपारा ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने मरी माता मंदिर के दर्शन करने जाते समय रोक लिया। क्षमता से अधिक लोगों के बैठे होने की बात कहते हुए रुपयों की मांग की न देने पर जबरन चालान कर दिया। इसके बाद कार का पीछा कर रोका और परिवार की महिलाओं से अभद्रता करने के साथ युवक से मारपीट की। वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।
वाहन मालिक गंगापुर गांव निवासी प्रियेश कुमार ने नानपारा कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। बताया कि बोझिया गांव निवासी बृजेश कुमार उनकी कार मांगकर अपने परिवार के साथ मरी माता मंदिर दर्शन करने के लिए जा रहे थे। नानपारा कोतवाली के कुर्मिनपुरवा बाईपास के पास मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने कार रोककर चालक से क्षमता से अधिक सवारियों के बैठने का आरोप लगाते हुए रुपयों की मांग की। मना करने पर कार का चालान कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद कार का पीछा कर नानपारा चीनी मिल के पास दोबारा कार रोकी और चालक से मारपीट की। कार में मौजूद महिलाओं ने विरोध किया तो उनके साथ अभद्रता भी की गई। पीड़ितों ने दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक पीआरडी जवान पर आरोप लगाया है। नानपारा कोतवाल प्रदीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिसकर्मियों ने भी दी तहरीर
यातायात पुलिसकर्मियों ने भी आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि कुर्मिनपुरवा चौराहा पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मिहींपुरवा की तरफ से एक तेज रफ्तार कार आई, जो ओवरलोडेड प्रतीत हो रही थी। रोकने पर चालक ने कार की स्पीड बढ़ा दी। तब पीछा कर नानपारा चीनी मिल के पास कार रुकवाकर चालक को थाने चलने के लिए बोला। जिसपर कार सवार लोगों ने कर्मियों से अभद्रता की। सीओ नानपारा प्रदुम्न सिंह ने बताया कि यातायात पुलिसकर्मियों और कार सवार लोगों के बीच हुए विवाद की जानकारी संज्ञान में है। मामले की जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
,