मिहींपुरवा (बहराइच)। मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र में बीते दिनों आई बाढ़ से पुलिया कमजोर हो गई थी। अब इसके टूटने से मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। ग्रामीण पानी की तेज धारा में पैदल निकलने को मजबूर हैं। कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
ग्राम सेमरी घटही के मोहान से पचासा संपर्क मार्ग पर पुलिया टूट गई है। पुलिया के टूटने से बेझा, प्रतापपुर, दुर्गागौढी, दनईगौढी, लक्ष्मणपुरवा, कठौतिया, महराजसिंह नगर आदि गांवों की लगभग 10 हजार आबादी प्रभावित है। ग्रामीणों ने बताया कि सरयू नदी से यह जंगली नाला जुड़ा है। बाढ़ में इस नाले में अधिक पानी आ जाता है। काफी दिनों तक जलभराव रहता है। यहां तेज धार से पानी निकलता है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे जान जोखिम में डालकर मजबूरी में टूटी पुलिया पर बह रहे पानी के बीच होकर निकलते हैं। लोगों ने शीघ्र पुलिया निर्माण कराने की मांग की है।