बहराइच। बदलते मौसम के साथ गांव व मोहल्लों में आई फ्लू का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। जिससे सरकारी अस्पतालों के साथ ही प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। पहले अस्पतालों में करीब 10 मरीज ही आई फ्लू से पीड़ित आते थे। अब इनकी संख्या बढ़कर 40 हो गई है।
आई फ्लू के संक्रमण से जिलेवासी परेशान हैं। एक ही परिवार में कई व्यक्ति संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। इलाज के बाद तीन से चार दिनों में संक्रमण खत्म हो जा रहा है। संक्रमण बढ़ने के साथ ही काला चश्मा व आई ड्रॉप की मांग बढ़ी है। आंखें लाल होने पर मेडिकल कॉलेज सहित जिले के सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में दर्जनों मरीज पहुंच रहे हैं। प्राइवेट अस्पताल में भी मरीजों की भीड़ उमड़ रही है।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस का कहना है कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में दवाएं मौजूद हैं। मरीजों को आसानी से सभी दवाएं मिल रही हैं। जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी सीएचसी पीएचसी पर पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं।
नानपारा में औसतन हर रोज पहुंच रहे 70 मरीज
मिहीपुरवा/नानपारा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा के प्रभारी डॉ. चंद्रभान ने बताया कि आई फ्लू के लगभग 60 से 70 मरीज प्रतिदिन अस्पताल पहुंच रहे हैं। जिन्हें डॉ. आरपी गौड़ देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि मौसम के बदलाव के कारण लोगों में आई फ्लू का संक्रमण बढ़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर के अधीक्षक डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर दवा तथा आई ड्राॅप भेज दिया गया है। आई फ्लू के मरीजों में कमी आई है।
एक सप्ताह से पीएचसी में आई ड्रॉप नहीं
नवाबगंज। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौगोड़वा नवाबगंज में लगभग 50 मरीज प्रतिदिन इलाज कराने पहुंचते हैं। यहां एक सप्ताह से आई ड्रॉप न होने के कारण मरीज लौट रहे हैं। उमरिया निवासी अर्जुन पासवान, छेदा गांव निवासी कुणाल, नवाबगंज निवासी वसीम अहमद अंसारी, शकील अहमद, इसरार अहमद, हमीदुर रहमान, अव्वल अंसारी, किशोरी भार्गव, अयान खान आदि लोगों ने बताया कि वे कई दिनों से आई फ्लू से पीड़त हैं।
वे लोग पीएचसी पर आई ड्रॉप लेने गए थे लेकिन ड्रॉप नहीं मिल पाई। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौगोंड़वा नवाबगंज के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. डीबी सिंह ने बताया कि आंख में डालने वाली ड्राॅप एक सप्ताह से नहीं है। डिमांड भेजी गई है।