बहराइच। हरितालिका तीज के अवसर पर मंगलवार को शहर व कस्बों में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आवागमन को सुगम बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने यातायात डायवर्जन लागू कर दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानंद कुशवाहा ने बताया कि रूट डायवर्जन व्यवस्था सोमवार शाम से प्रभावी कर दी गई है। हरितालिका पर्व समाप्त होने तक व्यवस्था लागू रहेगी। थाना कैसरगंज में हनुमान मंदिर तिराहा से होकर हुजूरपुर की ओर कोई वाहन नहीं जा सकेगा। हुजूरपुर कस्बे में हुजूरपुर चौराहा से बहराइच और पयागपुर की ओर वाहनों का आवागमन पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।
कज्जिया तिराहा हुजूरपुर से हुजूरपुर की तरफ जाने वाले वाहनों का प्रवेश वर्जित होगा। एएसपी ने बताया कि पयागपुर में हुजूरपुर और विशेश्वरगंज की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं बहराइच शहर में कोतवाली नगर अंतर्गत दरगाह तिराहा से भी वाहनों का आवागमन नियंत्रित रहेगा।