जहांगीरगंज रजवाहे पर केदरूपुर गांव जाने वाले मार्ग पर टूटी पुलिया
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। जहांगीरगंज रजबाहा पर केदरूपुर गांव के पास बनी पुलिया बीच से क्षतिग्रस्त हो गई है। ग्रामीणों ने टूटी हुई पुलिया के गड्ढे में पेड़ की डाली काटकर डाल दी है, ताकि लोग संभलकर चलें। जहांगीरगंज रजबाहा पर केदरुपुर गांव के पास बनी पुलिया पर करीब एक माह पूर्व गड्ढा हो गया था, जिसके कारण यहां से चार पहिया वाहन का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। वहीं, दोपहिया वाहनों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्राथमिक विद्यालय व उच्च प्राथमिक विद्यालय के केदरुपुर जाने वाले बच्चों व शिक्षकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
केदरुपुर गांव के रवींद्र विश्वकर्मा, उपेंद्र चतुर्वेदी, दीनदयाल यादव ने बताया कि इसकी शिकायत सिंचाई विभाग को की गई थी।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम नारायण यादव, महेंद्र मिश्रा, रमेश चंद्र मिश्र ने टूटी हुई पुलिया शीघ्र बनवाए जाने की मांग की है। सिंचाई विभाग के जेई दीपक मौर्य ने बताया कि कर्मचारियों को भेजकर जल्द मरम्मत कार्य कराया जाएगा।