हुजूरपुर में दो छात्राओं की सड़क हादसे में मौत के बाद बिलखते परिजन।
- फोटो : BAHRAICH
हुजूरपुर (बहराइच)। थाना क्षेत्र के बभनिया यादवपुर गांव निवासी दो छात्राएं रविवार को गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होकर साइकिल से घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के पास ही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने छात्राओं को रौंद दिया, जिससे दोनों छात्राओं की मौत हो गई। हादसे से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दुर्घटना में छात्राओं की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हुजूरपुर थाना क्षेत्र के बभनिया यादवपुर गांव निवासी सुषमा (17) पुत्री प्रमोद कुमार सिंह कक्षा 12 और डाली (11) पुत्री धर्मेंद्र सिंह कक्षा छह की छात्रा हैं। वह दोनों राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज चिरैया टांड में पढ़ती थीं। दोनों छात्राएं रविवार को स्कूल में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने गई थीं। यहां से दोपहर बाद सुषमा और डाली एक ही साइकिल पर सवार होकर अपने घर लौैट रहीं थी।
गांव के बाहर स्थित गंगटहिया पुल की ओर से एक गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी। इसी दौरान गन्ना लदी बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार दोनों छात्राओं को रौंद दिया। हादसे से मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने परिवारीजनों को हादसे की सूचना दी। घर वाले दौड़ कर मौके पर पहुंचे और छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिरैया टांड ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों छात्राओं को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष सतेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों छात्राओं के शव पोस्टमार्टम के लिए दिए गए हैं। हादसे में छात्राओं की मौत होने से परिवारीजनों में कोहराम मच गया है।