बहराइच के इंदिरा गांधी स्टेडियम में शनिवार को मतदाता दिवस पर बनाई गई रंगोली।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाएं रखेंगे। स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह शपथ डीएम शंभु कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद सभी लोगों को 10वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर दिलाई। लोगों को एक-एक वोट का महत्व बताया।
कलेक्ट्रेट परिसर में मतदाता साक्षरता की थीम पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। मुख्य अतिथि जिला निर्वाचन अधिकारी शंभु कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। बाल शिक्षा निकेतन की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागतगीत, देश भक्तिगीत व नृत्य, पूर्व माध्यमिक विद्यालय कमोलिया खास के छात्र-छात्राओं द्वारा समूह नृत्य व बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर आधारित नाटिका, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तेजवापुर की छात्राओं व डिवाइन ग्रेस पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने समूह गीत व नृत्य प्रस्तुत किए। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति मनमोहक, आर्कषक व सराहनीय रही। प्रतिभाग करने वाले बच्चों को स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि हम सब के लिए बड़े गौरव की बात है कि संपूर्ण विश्व में भारत के लोकतंत्र की चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार नागरिक होने के नाते यह हम सभी का कर्तव्य है कि अपनी जिम्मेदारियों का भली प्रकार से निर्वहन करते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाना है। जिसके लिए सभी नागरिकों को अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के साथ ही निर्वाचन के समय अपने मताधिकार का प्रयोग भी करना होगा।
डीएम ने कहा कि देश के मतदाता विशेष कर युवा मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2011 से 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी ने सभी लोगों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की बधाई देते हुए आह्वान किया कि अर्हता रखने वाले सभी स्त्री-पुरुष मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। कार्यक्रम का संचालन जनता राहत इंटर कॉलेज नानपारा के प्रधानाचार्य डॉ. दीन बंधु प्रसाद शुक्ला ने किया।