बहराइच-भिनगा मार्ग पर परसौरा के पास गड्ढे में पलटी ट्राली में एक की मौत के बाद जमा लोग व खीची क
बहराइच। बहराइच- भिनगा हाईवे पर बृहस्पतिवार की दोपहर एक ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में ट्राली के नीचे दबने से श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र निवासी एक अधेड़ की मौत हो गई और सात गंभीर रूप से घायल हो गए।
श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत करौंदी एकगड़वा निवासी प्रमोद कुमार के बेटे संस्कार का बृहस्पतिवार को मुंडन था। इसमें शामिल होने सभी ट्रैक्टर-ट्राॅली से रिसिया के समय माता के मंदिर जा रहे थे। दरगाह थाना क्षेत्र के भिनगा-बहराइच हाईवे पर परसौरा के पास ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी के गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरोंं व स्थानीय लोगों ने ट्राली के नीचे फंसे लोगों को निकालना शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची दरगाह पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्राॅली को बाहर निकलवाया। इस दौरान ट्राॅली के नीचे दबने से विद्याराम (52) की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हृदयराम (50), मंजू (28), कुनाल (15), गोलू (10), प्रमोद कुमार (30), रवींद्र (06) व अभिषेक (13) घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद मुंडन की खुशियां मातम में बदल गई। ट्रैक्टर चालक स्टेयरिंग फेल होने को हादसे का कारण बता रहे हैं। एएसपी सिटी रामानंद कुशवाहा ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली पर 30 से 35 लोग सवार थे। जांच कर रहे हैं।