मिहींपुरवा (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग इन दिनों पर्यटकों से गुलजार है। वहीं पर्यटकों को लगातार बाघ के दीदार भी रहे हैं जिससे उनकी खुशी दोगुनी हो गई है और पर्यटक रोमांचित हो रहे हैं। शुक्रवार को भी जंगल सफारी पर निकले पर्यटकों की जिप्सी के आगे बाघ विचरण करता दिखा। इससे पर्यटक रोमांचित हो गए और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। जो तेजी से वायरल हो रहा है।
मिहींपुरवा तहसील में 551 वर्ग किलोमीटर में फैला कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग जैव विविधताओं से भरा हुआ है। यहां 59 बाघ, 200 से अधिक तेंदुए, 200 से अधिक हाथी और 7000 से अधिक हिरण, सांभर व चीतल, आठ गैंडे समेत भारी मात्रा में मगरमच्छ आदि पाए जाते हैं। इनके दीदार के लिए भारी मात्रा में देशी व विदेशी पर्यटक कतर्नियाघाट पहुंच रहे हैं। अधिकांश पर्यटक बाघ, तेंंदुए, गैंडा व हाथी की झलक पाने की उम्मीद में कतर्नियाघाट पहुंचते हैं।
पर्यटकों की इस उम्मीद को बीते कई दिनों से लगातार बाघ पूरा कर रहे हैं, इससे पर्यटक रोमांचित हैं। शुक्रवार को जिप्सी से जंगल सफारी पर निकले पर्यटकों के एक दल के सामने अचानक बाघ पहुंच गया। इसे आकाश कुमार नाम के पर्यटक ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया और यह वीडियो पर अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे देख वन्यजीव प्रेमी गदगद हैं।