बहराइच के उद्योग केेंद्र कार्यालय में लाभार्थियों को टूल कित वितरित करते मुख्य अतिथि।
बहराइच। जिला उद्योग केंद्र परिसर में बृहस्पतिवार को टूलकिट एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह हुआ। बलहा विधायक सरोज सोनकर और नानपारा विधायक रामनिवास वर्मा ने संयुक्त रूप से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को टूलकिट व प्रमाण-पत्र दिए।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 100 दर्जी और 20 हलवाई लाभार्थियों को टूलकिट मिली। एक जिला एक उत्पाद योजना में गेहूं के डंठल से कलाकृतियां बनाने वाले 30 लाभार्थियों को भी टूलकिट व प्रमाण-पत्र मिले। इनमें 12 लाभार्थी जनजातीय समुदाय से थे।
विधायकों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को दक्ष बनाकर स्वावलंबी बनाना है। टूलकिट से लाभार्थी अपना रोजगार शुरू कर सकते हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना में 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण मिलता है। उपायुक्त उद्योग केशव राम वर्मा ने अतिथियों और लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपना दल जिलाध्यक्ष गिरीश चंद्र पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।