बहराइच के केडीसी में दीक्षारंभ कार्यक्रम में मौजूद छात्राएं।
बहराइच। किसान पीजी कॉलेज और महिला पीजी कॉलेज में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किए गए। किसान पीजी कॉलेज में गुरु पूर्णिमा पर पहले दिन विद्यार्थियों को समय प्रबंधन और अनुशासन की जानकारी दी गई। वहीं महिला पीजी कॉलेज में बृहस्पतिवार को तीसरे दिन छात्राओं को आईक्यूएसी, राष्ट्रीय सेवा योजना और छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में बताया गया।
किसान पीजी कॉलेज में मुख्य वक्ता मेजर डॉ. एसपी सिंह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को समय के सदुपयोग और अनुशासन का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि बुद्धि और उपलब्ध अवसरों का सही प्रबंधन करने वाला व्यक्ति जीवन में सफलता प्राप्त करता है। कार्यक्रम संयोजक प्रोफेसर ओपी सोनी, सह-संयोजक प्रोफेसर उस्मान और समन्वयक प्रोफेसर एसबी रावत उपस्थित रहे। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सीडी सिंह बिसेन और डॉ. राजेश शर्मा ने भी शैक्षणिक कार्यक्रमों की जानकारी दी। महिला पीजी कॉलेज में प्राचार्य प्रोफेसर प्रिया मुखर्जी के निर्देशन में कार्यक्रम हुआ।
छात्राओं को मिली महत्वपूर्ण जानकारी
डॉ. कमर जहां ने छात्राओं को आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) की भूमिका और कार्यों से अवगत कराया। डॉ. रीमा शुक्ला ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और रोवर्स-रेंजर्स की गतिविधियों व व्यक्तित्व विकास के उद्देश्यों की जानकारी दी। डॉ. सायरा खातून ने शासन की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया। एनएसएस प्रभारी डॉ. अमृता मिश्रा ने इस कार्यक्रम का संचालन किया।