बहराइच। दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने न सिर्फ जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, बल्कि कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में भी संकट खड़ा कर दिया है। भारी वर्षा के कारण जंगल के भीतर जगह-जगह पानी भर गया है, इससे कई जंगली जानवर अपने प्राकृतिकवास से निकलकर इंसानी बस्तियों का रुख कर रहे हैं।
अब्दुल्लागंज रेंज में एक बाघ खेतों में देखा गया है, जबकि गिरिजापुरी कॉलोनी में तेंदुआ नजर आया है। इन घटनाओं से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग जानमाल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
जंगल से लगे इलाकों में रहने वाले लोगों को वन विभाग की ओर से सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। विभाग ने गांव वालों से अपील की है कि वे अकेले खेत या जंगल की ओर न जाएं, बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें और रात के समय विशेष सावधानी रखें।
वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है, वन्यजीवों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बारिश के चलते जंगलों में पानी भरने से जानवर सूखे स्थानों की तलाश में आबादी के नजदीक पहुंच रहे हैं।
गिरिजापुरी और अब्दुल्लागंज क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुए और बाघ पहले भी आबादी की तरफ आते रहे हैं, लेकिन इस बार बारिश की वजह से उनका डर ज्यादा है। खेतों में काम करना मुश्किल हो गया है। इतना ही नहीं मवेशियों को चराने ले जाना भी जोखिम भरा हो गया है।
सिंचाई कॉलोनी में शावकों संग उछलकूद करती दिखी तेंदुआ, दहशत
बिछिया। कतर्नियाघाट वन क्षेत्र से सटी गिरिजापुरी की सिंचाई कॉलोनी के लोग रविवार देर शाम उस समय दहशत के साए में आ गए, जब एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ कॉलोनी के बीचोंबीच चहलकदमी करती नजर आई। इससे इलाके में डर और बेचैनी का माहौल बना हुआ है। सिंचाई कॉलोनी स्थित इंटर कॉलेज ग्राउंड के पास स्थानीय निवासी राज ने तेंदुए को देखा तो मोबाइल कैमरे से तस्वीर खींच ली, मादा तेंदुए के साथ दो शावक भी दिखे। कॉलोनीवासियों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। कॉलोनी में रात के समय गश्त बढ़ा दी गई है। तेंदुए और उसके शावकों को सुरक्षित जंगल की ओर भेजने के लिए ट्रैकिंग की जा रही है।
इटावा गांव के पास धान के खेत में कूदता दिखा बाघ
नवाबगंज। क्षेत्र के इटावा गांव के पास अब्दुलागंज रेंज में सोमवार सुबह जंगल से सटे धान के खेत में एक बाघ विचरण करता दिखा। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। कुछ ग्रामीणों ने खेत में उछलकूद कर रहे बाघ की फोटो खींचकर वीडियो क्लिप भी बनाई। आबादी में बाघ देखकर गांव के लोग दहशत में हैं। सूचना के बावजूद वन विभाग की टीम अभी मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। (संवाद)
वन विभाग की अपील
- खेत में काम करने के लिए समूह में निकलें।
- छोटे बच्चों को अकेले बाहर न भेजें।
- रात के समय दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें।
- वन विभाग को किसी भी हलचल की सूचना तुरंत दें।
-
बारिश के कारण जंगली जानवर ऊंचे व सूखे स्थान की ओर जा रहे हैं। इसलिए ग्रामीणों से अपील है कि वे जंगल से दूर रहें। जरूरी हो, तभी जंगल के आसपास समूह में जाएं।
-सूरज, डीएफओ, कतर्नियाघाट