खैरीघाट (बहराइच)। शिवपुर तटबंध पर सोमवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में दो छात्रों समेत चार लोग घायल हो गए। दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
विकास खंड शिवपुर क्षेत्र के लखैया गांव निवासी अभिषेक यादव (16) व नीरज (17) सोमवार सुबह करीब 11 बजे इंटर कॉलेज, शिवपुर में कक्षा 11 में प्रवेश के लिए जा रहे थे। दोनों छात्र एक ही बाइक पर सवार थे। शिवपुर तटबंध के पास लौकिहा गांव के निकट सामने से आ रहे बसंतापुर गांव निवासी प्रमोद कुमार (24) व सुनील कुमार (22) ने अचानक अपनी बाइक मोड़ दी।
बाइक की दिशा बदलने के दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। यह देख आसपास के लोग दौड़े, तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को सीएचसी शिवपुर पहुंचाया गया। वहां से चारों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीएचसी शिवपुर के अधीक्षक डॉ. नलिन राजा ने बताया कि अभिषेक यादव और प्रमोद कुमार को सिर व शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। थानाध्यक्ष सूरज कुमार राणा ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई होगी।