सीतापुर के तीन युवक मंगलवार को सुबह कार से बिछिया बाजार में पारिवारिक कार्य से आए थे। यहां कार्य निपटाने के बाद युवक दोपहर में घर लौट रहे थे। इसी दौरान घोसियाना-कैलाशपुरी मार्ग पर कार के सामने अचानक एक बाघ आ गया। इससे कार के अंदर बैठे लोगों की घिग्घी बंध गयी। बाघ 10 मिनट तक सड़क पर कार के सामने खड़ा रहा। बाघ के कुछ देर बाद जंगल की झाड़ियों में जाने पर युवकोें ने राहत की सांस ली। इस दौरान दहशत के साथ कार सवार रोमांचित भी हुए।
सीतापुर के सिविल लाइंस निवासी राजेश कुमार, प्रीतम और अंशुल सुबह पारिवारिक कार्य से बिछिया बाजार आए थे। यहां पर काम निपटाने के बाद तीनों युवक कार से दोपहर में करीब एक बजे बिछिया बाजार से सीतापुर के लिए रवाना हुए। कार सवार युवक जब कतर्नियाघाट रेंज के घोसियाना-कैलाशपुरी मार्ग से गुजर रहे थे, तभी कच्चे मार्ग की ढलान पर अचानक झाड़ियों से निकल कर एक बाघ सड़क पर खड़ा हो गया।
अचानक बाघ को सामने देख कार चला रहे राजेश ने तत्काल गाड़ी को बंद कर दिया। लेकिन इस दौरान कार में सवार तीनों युवकों को घिग्घी बंध गई। सभी दहशत में आ गए। युवकों ने बताया कि लगभग 10 मिनट तक बाघ सड़क पर कार के सामने शांत खड़ा रहा। फिर दाहिनी ओर जंगल की झाड़ियों में चला गया। इस पर कार सवार युवकों ने राहत की सांस ली। बाघ के जंगल की ओर मुड़ने पर कार में सवार अंशुल ने हिम्मत करके अपने मोबाइल से फोटो खींच ली।
इसके बाद युवकों ने फोन कर बिछिया बाजार में अपने मित्रों को सड़क पर बाघ आने की सूचना भी दी। इस मामले में वन क्षेत्राधिकारी पीयूष मोहन श्रीवास्तव का कहना है कि घोसियाना-कैलाशपुरी मार्ग टाइगर रेंज है। यहां अक्सर बाघ दिखाई पड़ते हैं।