सुजौली रेंज के सुजौली-कठौतिया मार्ग पर जाता बाघ। स्रोत:ग्रामीण
मिहींपुरवा। दीपावली और भैया दूज पर बहनों के घर जा रहे ग्रामीणों के सामने मंगलवार को सुजौली-कठौतिया मार्ग पर अचानक बाघ आ गया। उसे देखकर अफरातफरी मच गई। बाघ करीब पांच मिनट तक सड़क पर चहलकदमी करता रहा। इस दौरान कुछ लोगों ने उसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज में सुजौली-कठौतिया मार्ग से ग्रामीण गुजर रहे थे। उसी दौरान आदर्श, सुशील, समीर रजक, मनीष, सोनमती, मालती, प्रीतम और सुरेश समेत अन्य लोगों की नजर सड़क पर मौजूद बाघ पर पड़ी। अचानक सामने वनराज को देखकर सभी रुक गए। राहगीर दूर खड़े होकर उसकी गतिविधियां देखते रहे।
करीब पांच मिनट बाद बाघ धीरे-धीरे घने जंगल की ओर चला गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी को लेकर चर्चा है।
वन क्षेत्राधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि कतर्नियाघाट वन क्षेत्र से सटे गांवों और मार्गों पर वन्यजीवों की आवाजाही को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। जंगल के बीच से गुजरने वाले कच्चे रास्तों पर सावधानी बरतें और अकेले आवागमन करने से बचें।