इंदिरा गांधी स्टेडियम में क्रिकेट टूर्नामेंट में बैटिंग करता खिलाड़ी।
- फोटो : इंदिरा गांधी स्टेडियम में क्रिकेट टूर्नामेंट में बैटिंग करता खिलाड़ी।
बहराइच। इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को ग्लैमरस टाइप प्रीमियर लीग का दूसरा मुकाबला बहराइच हंटर्स और बहराइच थंडर्स के बीच खेला गया। मुकाबले में बहराइच थंडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 76 रनों से जीत दर्ज की।
मैच के मुख्य अतिथि कुशल गोयल और नित्यम श्रीवास्तव रहे। अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया। टॉस जीतकर बहराइच थंडर्स के कप्तान वत्सल सिंह ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 22 ओवरों में थंडर्स की टीम ने पांच विकेट के नुकसान पर 153 रन बनाए। टीम के बल्लेबाजों ने संयम और समझदारी से खेल दिखाया। हंटर्स की ओर से कृष्णा सिंह ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बहराइच हंटर्स की टीम थंडर्स के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 15.3 ओवरों में सभी विकेट खोकर मात्र 77 रन ही बना पाई। थंडर्स की ओर से अक्षत सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट अपने नाम किए।
शानदार प्रदर्शन के लिए अक्षत सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जबकि वत्सल सिंह को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। मैच में अंपायरिंग अकील अहमद और आतिफ खान ने की। स्कोरर यश चौरसिया रहे और आंखों देखा हाल आदिल जमीर ने सुनाया। इस दौरान बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। तीसरा मुकाबला बहराइच ग्लैडिएटर्स और बहराइच डेयरडेवील्स के बीच खेला जाएगा।