बहराइच। जिले में गेहूं की बोआई का समय नजदीक आते ही कृषि विभाग ने बीज वितरण की तैयारी तेज कर दी है। शासन की ओर से तीन हजार क्विंटल गेहूं का बीज जिले के राजकीय बीज भंडारों पर पहुंचा दिया गया है। शेष बीज की आपूर्ति एक सप्ताह के भीतर होने की उम्मीद है।
नवंबर के पहले सप्ताह से गेहूं की बोआई शुरू होने की संभावना है। इसके मद्देनजर जिले के 15 राजकीय बीज भंडारों से किसानों को बीज वितरित किया जाएगा। विभाग ने इस बार 35 हजार क्विंटल गेहूं बीज बिक्री का लक्ष्य निर्धारित किया है। किसानों को गेहूं का बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, सरसों और मसूर के बीज पर 25 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।
कृषि अधिकारी डॉ. सूबेदार यादव ने बताया कि किसानों को समय से गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए विभाग प्रयासरत है, ताकि बोआई के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।