बहराइच मेडिकल कॉलेज में ओपीडी के बाहर लगी मरीज व तीमारदारों की भीड़। -संवाद
बहराइच। तराई में मौसम में लगातार बदलाव से लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। सर्दी, खांसी और बुखार के मरीज बढ़ने से मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को दोपहर 12:30 बजे तक 2060 मरीज इलाज कराने पहुंचे। मरीजों की अधिक संख्या के कारण परचा काउंटर, डॉक्टरों के कक्ष और पैथोलॉजी में लंबी कतारें लगी रहीं। कई मरीजों को इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
ओपीडी में सबसे अधिक मरीज सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत लेकर पहुंचे। इसके अलावा शरीर में दर्द व जकड़न, पेट दर्द और त्वचा संबंधी बीमारियों के मरीज भी आए। मेडिसिन, ईएनटी, नेत्र, हड्डी रोग और चर्म रोग विभाग में भी भीड़ रही। बुखार के मरीजों की जांच के लिए पैथोलॉजी में भी लंबी कतारें लगी रहीं।
कुंडासर से आए रामानुज ने बताया कि वह सुबह 10 बजे मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। कई दिनों से बुखार और पूरे शरीर में दर्द की शिकायत थी। परचा बनवाने के लिए एक घंटे तक लाइन में लगना पड़ा। इसके बाद मेडिसिन विभाग में डॉक्टर को दिखाने के लिए दो घंटे से अधिक इंतजार करना पड़ा। वहीं, अलियाबुलबुल से आए नदीम ने बताया कि मेडिसिन विभाग में डॉक्टर को दिखाने में दो घंटे से अधिक समय लगा।
मरीजों को दी गईं दवाएं
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि मौसम में लगातार बदलाव के कारण अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ी है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों का चिकित्सकों ने इलाज कर दवाएं दीं। जरूरत के अनुसार मरीजों की जांच भी कराई गई।