नानपारा (बहराइच)। मौसम के बदले मिजाज से गुरुवार को नानपारा के मैगलपुरवा गांव में कोहराम मच गया। घर लीपने के लिए सरयू किनारे मिट्टी निकालने गए तीन भाइयों समेत चार किशोरों पर बिजली गिर गई।
इनमें से दो भाइयों और एक अन्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा भाई गंभीर रूप से झुलस गया है। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नानपारा में गायघाट ग्राम पंचायत के मैगलपुरवा गांव निवासी मुन्ना खां के पुत्र आफाक (16), अयान (13) और अरमान (12), पड़ोसी अशोक कुमार के बेटे सोनू (17) के साथ सुबह 11 बजे घर से निकले थे। सभी को गांव से एक किलोमीटर दूर बहने वाली सरयू नदी के तट से घर के लेपन के लिए चिकनी मिट्टी लाना था।
किशोर तट पर पहुंचे तो तेज बरसात होने लगी। खुद को बचाने के लिए सभी पेड़ के नीचे खड़े हो गए लेकिन जब भीग गए तो फिर से मिट्टी इकट्ठा करने में जुट गए। इसी दौरान बादलों की तेज गड़गड़ाहट के बीच बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आकर मौके पर ही अयान, आफाक और सोनू ने दम तोड़ दिया, जबकि अरमान गंभीर रूप से झुलस गया।
बारिश थमने के काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं पहुंचे तो घर वाले मौके पर पहुंचे। तीनों बच्चों के मृत मिलने पर कोहराम मच गया। अरमान को तत्काल गायघाट में निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। सूचना पाकर क्षेत्रीय लेखपाल शिवकुमार मौके पर पहुंचे। दोपहर में पुलिस क्षेत्राधिकारी भरत यादव, तहसीलदार मोहम्मद जमाल सिद्दीकी ने भी मौके का मुआयना किया।