बहराइच। सरयू नदी का जलस्तर बीते 24 घंटे से उतार-चढ़ाव के बाद खतरे के निशान के करीब पहुंचकर स्थिर हो गया है। सोमवार शाम चार बजे एल्गिन ब्रिज पर नदी का जलस्तर 105.97 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 106.07 मीटर से 10 सेंटीमीटर नीचे है। हालांकि गिरिजापुरी समेत तीन बैराजों से नदी में करीब 2.48 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण आने वाले समय में जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
रविवार सुबह सरयू का जलस्तर खतरे के निशान से करीब सात सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया था। इसके बाद रात में जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई और नदी खतरे के निशान से 11 सेंटीमीटर नीचे आ गई। इसके बाद से जलस्तर में मामूली उतार-चढ़ाव के बीच स्थिति लगभग स्थिर बनी रही।
बाढ़ खंड के उपखंड अधिकारी नंदू प्रसाद ने बताया कि नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। नदी अभी खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन बैराजों से छोड़े जा रहे पानी को देखते हुए तटवर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है। राजस्व और बाढ़ खंड की टीमें भी ग्रामीणों को लगातार सजग कर रही हैं।
सोमवार को नदी का जलस्तर
नदी/बैराज जलस्तर
खतरे का निशान
डिस्चार्ज
शारदा बैराज 134.80 मीटर
135.49 मीटर
1,09,035 क्यूसेक
गिरिजापुरी बैराज 135.35 मीटर
136.78 मीटर
1,34,435 क्यूसेक
सरयू बैराज 130.30 मीटर
133.50 मीटर
4,967 क्यूसेक
सरयू नदी में तीनों बैराजों से छोड़ा गया कुल पानी : 2,48,437 क्यूसेक
एल्गिन ब्रिज के पास जलस्तर 105.97 मीटर, खतरे का निशान 106.07 मीटर
घूरदेवी के पास जलस्तर 111.77 मीटर, खतरे का निशान 112.15 मीटर