पढ़ाई छोड़ विद्यालय से गैरहाजिर रहने वाले तीन शिक्षकों को बीएसए ने निलंबित कर दिया। इनमें एक शिक्षक के विद्यालय में छात्रों की संख्या कम पाई गई। यह कार्रवाई 24 सितंबर को बीएसए के औचक निरीक्षण के बाद की गई। बीएसए शाहीन ने उच्च प्राथमिक विद्यालय गजोबरी का औचक निरीक्षण किया था।
स्कूल में छात्र तो उपस्थित थे लेकिन प्रधान शिक्षक जाहिर अली व सहायक अध्यापक प्रशांत मिश्रा गैरहाजिर मिले। उच्च प्राथमिक विद्यालय धूमबोझी दुर्ग में शिक्षक रवि शंकर पांडे उपस्थित लेकिन छात्रों की संख्या नगण्य थी। तीनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
शिक्षकों का जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर बुधवार को तीनों को बीएसए ने निलंबित कर दिया। बीएसए ने बताया कि डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। इसके बावजूद कुछ शिक्षक लगातार अपने कार्य स्थल से गायब रह रहे हैं। ऐसे शिक्षकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।