पयागपुर। क्षेत्र के एक गांव निवासी चार किशोरियां शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गईं। इनमें दो सगी बहनें, एक चचेरी बहन व एक सहेली शामिल है। परिजनों के अनुसार चारों किशोरियां घर से अपना आधार कार्ड व रुपये लेकर निकली हैं। परिजनों की सूचना पर पुलिस जांच में जुट गई है।
पयागपुर क्षेत्र निवासी दो सगी बहनें व उनकी एक चचेरी बहन तथा एक अन्य सहेली के साथ शनिवार सुबह अपना आधार कार्ड व कुछ रुपये लेकर घर से निकली थीं। घर से निकलते समय किसी भी किशोरी ने अपने परिजनों को कोई खास जानकारी नहीं दी। देर शाम तक इन सभी के न लौटने पर परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी। ऐसे में सभी किशोरियों के परिजनों ने अपने रिश्तेदारों, परिचितों व बच्चियों की सहेलियों से संपर्क कर जानकारी करने की कोशिश की, लेकिन लापता किशोरियों का कहीं पता नहीं चला।
सभी जगह से निराश होकर परिजन देर रात पुलिस थाने पहुंचे। परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने देर रात ही विभिन्न चौराहाें व रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए, लेकिन कोई ठोस साक्ष्य पुलिस के हाथ नहीं लगा। अब पुलिस मोबाइल नंबर के माध्यम से लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। पयागपुर थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि शीघ्र ही मामले का खुलासा करने व किशोरियों को सुरक्षित बरामद करने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।