रिसियामोड़ (बहराइच)। रिसियामोड़ बाजार के निकट एक ग्राहक सेवा केंद्र से दो माह पूर्व खिड़की काटकर ढाई लाख रुपये और लैपटॉप चोरी कर लिया गया था। पुलिस ने चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। चोरी की वारदात अंजाम देने के बाद गिरोह नेपाल में शरण ले लेता था। इस गिरोह ने प्रदेश के कई जिलों में चोरी की वारदात करने की बात स्वीकार की है।
रिसिया थाना क्षेत्र के रिसियामोड़ बाजार में इलाहाबाद बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र स्थापित है। यहां से पांच अक्तूबर को खिड़की काटकर चोरों ने 2.60 लाख रुपये और लैपटॉप पार कर दिया था। रिसिया पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई थी। रिसिया प्रभारी निरीक्षक प्रेम प्रकाश पांडेय ने बताया कि जांच के दौरान नेपाल के कोहलपुर पिपरहवा में चोरों के गिरोह के होने की बात सामने आयी, जिस पर गिरोह के सदस्यों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
शनिवार को रिसियामोड़ बाजार के निकट श्रावस्ती जनपद के भिनगा थाना क्षेत्र के शोखापुरवा गांव निवासी रामसूरत लोनिया उर्फ बड्डू और शिवकुमार लोनिया व पयागपुर के बबईया नाला निवासी सुखलाल लोनिया को गिरफ्तार किया गया। चोरों के पास से शटर व ताला काटने वाली गैस कटर मशीन, आरी, चाकू और 7250 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में चोरों ने ग्राहक सेवा केंद्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
इसके अलावा गिरोह की ओर से प्रदेश के उन्नाव, प्रयागराज, अयोध्या व बस्ती में भी चोरी करने की जानकारी दी गई है। वहां की पुलिस से संपर्क कर अन्य जानकारियां हासिल की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गिरोह का सरगना बड्डू समेत तीनों के खिलाफ श्रावस्ती, पयागपुर आदि जनपदों में करीब 10 से 12 मुकदमे दर्ज है। बड्डू के खिलाफ लखनऊ के थाना चिनहट में भी चोरी के दो केस पंजीकृत हैं।