बहराइच मेडिकल कॉलेज में परचा काउंटर पर लगी भीड़। -संवाद
बहराइच। भाई दूज पर्व का अवकाश होने के चलते मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार को भी 12 बजे तक ओपीडी रही। सर्दी जनित बीमारियों के सबसे अधिक मरीज आए। मलेरिया जैसे लक्षण वाले तीन मरीज इलाज कराने पहुंचे, जिनकी जांच के लिए सैंपल लिया गया है।
तराई में इन दिनों मौसम में उतार-चढ़ाव के साथ ही मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। सुबह-शाम की ठंड और दोपहर की गर्मी के कारण लोग अधिक बीमार पड़ रहे हैं। लगातार चल रही छुट्टी के कारण आधा दिन ही ओपीडी संचालित हो रही है।
बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे तक 700 मरीजों का परचा बन चुका था। दोपहर 12 बजे तक मरीजों की संख्या 1020 तक पहुंच गई। इनमें सर्दी, जुकाम, बुखार के सबसे अधिक मरीज रहे। इनमें मलेरिया के लक्षण वाले तीन रोगी मिले, जिन्हें जांच के लिए डॉक्टरों ने लिखा है। इसके अलावा पेट दर्द, नाक, कान, गला और हड्डी रोग विभाग में भी मरीजों की भीड़ लगी रही।
बाल रोग विभाग में भी सुबह से ही मरीजों का तांता लगा रहा। इनमें उल्टी-दस्त और बुखार के मरीजों की ओपीडी हुई। इनमें सामान्य रोगियों को दवा लिखकर छुट्टी दे दी गई और गंभीर रोगियों को जरनल वार्ड व पीआईसीयू में भर्ती कर लिया गया। यहां कुल मरीजों की संख्या 42 है।
मेडिकल कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. अरविंद शुक्ला ने बताया कि मौसम में परिवर्तन के साथ मौसमी बीमारियों के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। इनमें सर्दी जनित बीमारियों के सबसे ज्यादा मरीज हैं।