बहराइच। जिले में सोमवार देर शाम को तीन और कोरोना संक्रमित रोगी मिले हैं। ये फखरपुर और जरवल विकासखंड के निवासी हैं। तीन और रोगियों के मिलने से संक्रमितों की संख्या 87 पहुंच गई है। एक्टिव केस 24 हैं। इन इलाकों को हॉटस्पॉट करने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिले में कोरोना का संक्रमण धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। बाहर से आने वाले श्रमिकों की जितनी सैंपलिंग की जा रही है, उतनी ही संख्या बढ़ती जा रही है। सीएमओ डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार देर शाम को लखनऊ से रिपोर्ट जारी की गई। इनमें तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। सीएमओ ने बताया कि दो संक्रमित फखरपुर और एक जरवल का निवासी है। उन्होंने बताया कि सभी दिल्ली, मुंबई और गुजरात से लौटे हैं। इनका सैंपल दो दिन पूर्व भेजा गया था। 63 लोग ठीक होने के बाद घर रवाना हो गए हैं।