- एक आरोपी को एसटीएफ की मदद से हरदी थाना पुलिस ने लखनऊ से पकड़ा
- दो आरोपियों पर दस-दस व एक पर 25 हजार का था इनाम
- दो आपियों की हरदी इलाके से हुई गिरफ्तारी
फोटो-45
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। महसी तहसील क्षेत्र के महराजगंज कस्बे में बीते 13 अक्तूबर हुई हिंसा में शामिल तीन और आरोपियों को हरदी थाना पुलिस ने पकड़ा है। इनमें 25 हजार के इनामी एक आरोपी को एसटीएफ की मदद से लखनऊ से पकड़ा गया है जबकि दस- दस हजार रुपये के दो अन्य आरोपी हरदी इलाके से पकड़े गए हैं।
इन आरोपियों पर कस्बा महराजगंज में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुई हिंसा में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने इनकी पहचान सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त विडियो साक्ष्य व अन्य तकनीकी व डिजिटल साक्ष्यों के माध्यम से की है। एसओ हरदी कमलशंकर चतुर्वेदी ने बताया कि पकड़े गए 25 हजार रुपये के इनामिया आरोपी सैफ अली खान निवासी कस्बा महराजगंज को हरदी पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त टीम ने राज्य उपभोक्ता फोरम से कामता जाने वाली सर्विस रोड पर अवध बस स्टेशन लखनऊ थाना विभूतिखंड के पास से शनिवार भोर गिरफ्तार किया है। वहीं दस-दस हजार के दो अन्य आरोपियों शोएब व जावेद खान निवासी कस्बा महराजगंज को सोतिया भट्ठा नहर पुलिया के पास से दोपहर के समय गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।